पीरागढ़ी में कार के अंदर मिले तीन शव, इलाके में हड़कंप, सस्पेंस में पुलिस
आउटर डिस्ट्रिक्ट के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में रविवार दोपहर पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार के अंदर तीन लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो...
नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। आउटर डिस्ट्रिक्ट के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में रविवार दोपहर पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार के अंदर तीन लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर इसे खुदकुशी का मामला मान रही है, लेकिन मौके से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिसकी वजह से तीनों की मौत पर रहस्य गहरा गया है। पुलिस ने तफ्तीश और कार से साक्ष्य एकत्र करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिए हैं।
डीसीपी (आउटर) सचिन शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान पहचान रणधीर (76), शिव नरेश (47) और लक्ष्मी देवी (40) के रूप में हुई है। तीनों अलग-अलग परिवार से संबंध रखते हैं। पुलिस को जांच के दौरान मृतकों के शरीर पर किसी तरह की बाहर चोट के निशान नहीं मिले हैं। इसके अलावा कार में मौजूद तीनों का सामान, कैश, फोन व महिला की ज्वेलरी सही सलामत मिली है। डीसीपी ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही तीनों की मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3.50 बजे घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल मिली थी। जिसमें बताया गया कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर एक कार काफी देर से खड़ी है। जिसमें तीन लोग मौजूद हैं। उनमें किसी तरह की कोई हरकत नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां सड़क किनारे खड़ी एक सफेद रंग की टाटा टियागो कार मिली। इसी कार में एक महिला समेत तीन लोग अचेत पड़े थे। ड्राइवर सीट पर एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव था, जबकि पीछे की सीट पर एक युवक और एक महिला मृत पड़े थे। पुलिस ने मृतकों की पहचान रणधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी देवी के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक रणधीर और शिव नरेश दिल्ली के बापरोला इलाके के रहने वाले थे। सूचना मिलने पर रणधीर के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने रणधीर को अपना ताऊ और शिव नरेश को जानकार बताया। मगर वे महिला लक्ष्मी के बारे में कुछ नहीं जानते थे। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने का भी प्रयास कर रही है कि आखिर महिला का दोनों पुरुषों से क्या रिश्ता था और वह इनके साथ क्यों मौजूद थी।
कार में लूटपाट या जबरदस्ती करने का नहीं मिला कोई सुराग
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला खुदकुशी का लग रहा है। लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि कार में लूटपाट या जबरन अपराध को अंजाम देने का भी कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने कार से साक्ष्य एकत्र किए हैं। जांच के दौरान पुलिस को कार से दो मोबाइल फोन, चंद हजार रुपये, महिला द्वारा पहने गए गहने और कुछ पुराने अस्पताल के कागजात मिले हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तीनों कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे। पुलिस उनके स्टार्टिंग प्वाइंट से घटनास्थल तक पहुंचने के हर एक रूट को खंगाल रही है और सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल कर रही है। इसके अलावा उनके मोबाइल फोन को भी खंगाला जा रहा है।
खुले थे कार के शीशे
पुलिस सूत्रों की मानें तो जिस कार में तीनों के शव मिले उसके शीशे भी खुले हुए थे। ऐसे में दम घुटने से मौत का मामला भी प्रतीत नहीं हो रहा है। यह भी संभावना है कि तीनों ने बाहर कुछ खाया हो और फूड पॉइजनिंग की वजह से उनकी मौत हो गई। लेकिन इसकी संभावना भी कम है, क्योंकि पहले किसी एक की तबीयत बिगड़ी होती। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




