Guinness World Record: आयुष मंत्रालय का यू-ट्यूब पर सीधा योग प्रसारण बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
आयुष मंत्रालय (Ministry of AYUSH) ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 (International Yoga Day 2026) से पहले एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त करते हुए आज यूट्यूब पर सीधे योग प्रसारण के सबसे अधिक दर्शकों का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) बनाया...
योग अभ्यास (Yoga Practice) में बढ़-चढ़कर लोगों ने लिया भाग
यह रिकॉर्ड बनाने का प्रयास अंतर्राष्ट्रीय योग वर्ष 2026 के लिए मंत्रालय के प्रचार कार्यक्रमों के अंतर्गत आयोजित किया गया था और इसमें भारत और विश्व भर के योग अभ्यासकर्ताओं, छात्रों, संस्थानों, पेशेवरों और स्वास्थ्य के प्रति उत्साही लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस कार्यक्रम में कॉमन योगा प्रोटोकॉल (CYP) और योग 365 अभियान के माध्यम से योग को दैनिक अभ्यास के रूप में बढ़ावा देने के मंत्रालय के दृष्टिकोण को बढ़ावा दिया गया।
आयुष मंत्रालय ने 4,35,831 सत्यापित दर्शक किए दर्ज
आयुष मंत्रालय ने 4,35,831 सत्यापित दर्शक दर्ज किए, जो 2024 में स्थापित 2,46,252 दर्शकों के पिछले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से अधिक है। इस नए रिकॉर्ड में पिछले रिकॉर्ड की तुलना में 1,89,579 दर्शक अधिक थे। इस प्रकार इसने यूट्यूब सीधे योग प्रसारण (Yoga Broadcast) के सबसे अधिक दर्शकों का एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।
ऐतिहासिक उपलब्धि में योगदान देने वाले नागरिकों को बधाईः प्रतापराव जाधव
केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव (Minister of State Prataprao Jadhav) ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि में योगदान देने वाले विश्वभर के नागरिकों को बधाई दी और कहा कि आज की यह उपलब्धि स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति साझा प्रतिबद्धता के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों, संस्कृतियों और देशों के लोगों को जोड़ने की योग की असाधारण शक्ति को दर्शाती है। यह नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड जीवन शैली के रूप में योग की बढ़ती वैश्विक स्वीकृति को दर्शाता है और योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के हमारे सामूहिक संकल्प को मजबूत करता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले मैं सभी से ‘योग 365’ की भावना को अपनाने और एक स्वस्थ, मजबूत और अधिक लचीले समाज के निर्माण में योगदान देने का आग्रह करता हूं।
जीवन में योग 365 (Yoga 365) को करें साकार: कोटेचा
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा (Vaidya Rajesh Kotecha) ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी हितधारकों और प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि केवल एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है, यह उस संदेश के बारे में है जो हम विश्व को दे रहे हैं। भारी संख्या में भागीदारी स्वास्थ्य और कल्याण के एक शक्तिशाली साधन के रूप में योग की बढ़ती मान्यता को दर्शाती है। हमारा उद्देश्य लोगों को योग को एक दिवसीय आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि जीवन भर के अभ्यास के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और ‘योग 365’ (Yoga 365) को साकार करना है।

मंत्रियों का संदेश
इस कार्यक्रम के दौरान ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग, केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित मंत्रियों के विशेष संदेश प्रसारित किए गए। उन्होंने ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रतिभागियों को बधाई देते हुए निवारक स्वास्थ्य देखभाल और समग्र कल्याण के साधन के रूप में योग के महत्व पर जोर दिया और नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करके 365 योग की भावना को अपनाने का आह्वान किया।
योगाभ्यास कई संगठनों के सहयोग से किया गया था आयोजित
यह कार्यक्रम आयुष मंत्रालय द्वारा मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान और अन्य सहयोगी संगठनों के सहयोग से आयोजित किया गया था। भारत और विश्व भर से प्रतिभागियों ने आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से सीधे सत्र में भाग लिया और हैबिल्ड टीम (Habuild Team) द्वारा पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदान किए गए विशेषज्ञ मार्गदर्शन में सामूहिक रूप से कॉमन योगा प्रोटोकॉल (CYP) का अभ्यास किया।

स्वस्थ आयु के लिए योग जरूरी
यह उपलब्धि ऐसे समय में प्राप्त हुई है जब भारत ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ विषय के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 मनाने की तैयारी कर रहा है। यह विषय स्वस्थ दीर्घायु को बढ़ावा देने, जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने और सभी आयु वर्ग के लोगों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक कल्याण में योग की भूमिका को दर्शाता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का मुख्य आयोजन 21 जून को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में होगा। इसमें योग प्रेमी, अभ्यासकर्ता और हितधारक स्वास्थ्य और सद्भाव के वैश्विक आंदोलन में एक साथ भाग लेंगे।
आयुष मंत्रालय ने सभी प्रतिभागियों, योग संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों, कॉर्पोरेट संगठनों, सामाजिक समूहों और वैश्विक भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया जिनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को संभव बनाया।
मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले नागरिकों से योग को जीवन शैली के रूप में अपनाने और “हर घर योग, हर दिन योग” (Yoga in every home, Yoga every day) के संदेश को आगे बढ़ाने के अपने आह्वान को दोहराया है।



