नर्सरी एडमिशन के लिए निजी स्कूलों ने जारी की पहली लिस्ट
राजधानी के निजी स्कूलों ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए नर्सरी दाखिले के लिए पहली सूची जारी कर दी। इसमें कई स्कूलों ने सामान्य श्रेणी में 200 से अधिक छात्रों का चयन किया और 100 से अधिक को वेटिंग लिस्ट में रखा। लगभग दिल्ली के 1741 निजी स्कूलों ने अपनी-अपनी वेबसाइटों पर एडमिशन लिस्ट और वेटिंग लिस्ट अपलोड...

नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर : राजधानी के निजी स्कूलों ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए नर्सरी दाखिले के लिए पहली सूची जारी कर दी। इसमें कई स्कूलों ने सामान्य श्रेणी में 200 से अधिक छात्रों का चयन किया और 100 से अधिक को वेटिंग लिस्ट में रखा। लगभग दिल्ली के 1741 निजी स्कूलों ने अपनी-अपनी वेबसाइटों पर एडमिशन लिस्ट और वेटिंग लिस्ट अपलोड कर दी है। शिक्षा निदेशालय के अनुसार जिन अभिभावकों ने अपने बच्चों का रजिस्ट्रेशन कराया था, वे लिस्ट देख सकते हैं। ऐसे अभिभावक प्रवेश संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए 24 जनवरी से 3 फरवरी के बीच स्कूलों में जा सकते हैं। हालांकि बरसात के कारण ज्यादातर अभिभावको ने घर पर ही रहना उचित समझा लेकिन शनिवार को एडमिशन के लिए वे स्कूलों का रुख करेंगे। वहीं कई स्कूलों ने बड़ी संख्या में चयनित उम्मीदवारों की जानकारी सार्वजनिक की। पुष्प विहार स्थित बाल विद्या निकेतन ने 132 छात्रों का चयन किया, जबकि 100 को वेटिंग लिस्ट में रखा गया। हौज खास स्थित सेंट पॉल प्री-प्राइमरी स्कूल ने 478 छात्रों को चयनित किया, वहीं अलकनंदा स्थित सेंट जॉर्ज स्कूल ने 155 छात्रों का चयन किया। इसी प्रकार, द्वारका स्थित आईटीएल इंटरनेशनल स्कूल ने 97 छात्रों के प्रवेश की पुष्टि की और 43 को वेटिंग लिस्ट में रखा, जबकि दिल्ली कैंट स्थित लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल ने 87 छात्रों को चयनित किया।दिल्ली पब्लिक स्कूल, ईस्ट ऑफ कैलाश ने 90 बच्चों का चयन किया और 150 को वेटिंग लिस्ट में रखा, जबकि सफदरजंग एन्क्लेव स्थित एंबिएंस पब्लिक स्कूल ने 207 छात्रों का चयन किया। अधिकारियों के अनुसार एडमिशन प्रक्रिया के अनुसार स्कूलों को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), वंचित समूह (डीजी) और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) श्रेणियों को छोड़कर, खुली सीटों के लिए प्रवेश मानदंड और अंक 28 नवंबर तक अपलोड करने थे। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 27 दिसंबर थी।
31 मार्च तक काउंट होगी बच्चे की आयु
शिक्षा निदेशालय द्वारा अधिसूचित संशोधित प्रवेश संरचना के अनुसार, प्राथमिक स्तर में नर्सरी और केजी शामिल हैं, जिसके बाद पहली कक्षा आती है। 2026-27 सत्र के लिए नर्सरी में प्रवेश के लिए बच्चे की आयु 31 मार्च 2026 तक कम से कम तीन वर्ष, केजी के लिए चार वर्ष और कक्षा एक के लिए पांच वर्ष होनी चाहिए। विभाग ने कहा कि विद्यालय प्रमुख के विवेकानुसार, स्कूलों में प्रवेश की आयु में एक महीने तक की छूट दी जा सकती है।
स्कूल से निकटता व भाई-बहनों को दी गई प्राथमिकता
निजी स्कूलों ने नर्सरी एडमिशन के लिए विभिन्न प्रकार के मानदंड अपनाए हैं जिनमें स्कूल से निकटता, भाई-बहनों को प्राथमिकता और पूर्व छात्र का दर्जा शामिल थे। प्रक्रिया के तहत आवेदकों का विवरण 9 जनवरी को अपलोड किया गया, जबकि मार्किंग सिस्टम के तहत आवंटित नंबर 16 जनवरी तक सार्वजनिक कर दिए गए।




