दिल्ली में ईवी वाहनों की चार्जिंग प्वाइंट की जरूरत, सरकार का 7 हजार प्वाइंट का है लक्ष्य
दिल्ली सरकार प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देने और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के चलन को तेज करने के लिए इस साल के अंत तक लगभग 7,000 नए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना...

नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। दिल्ली सरकार प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देने और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के चलन को तेज करने के लिए इस साल के अंत तक लगभग 7,000 नए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना बना रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह पहल वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जो राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण का एक प्रमुख कारण है। चार्जिंग अवसंरचना के साथ-साथ सरकार बसों के बेड़े का विस्तार कर सार्वजनिक परिवहन को भी मजबूत करने की तैयारी में है। लेकिन दिल्ली में फिलहाल इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग प्वाइंट की लगातार कमी बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मौजूदा समय में चार्जिंग प्वाइंट की 36,150 आवश्यकता के मुकाबले 8,849 चार्जिंग प्वाइंट ही उपलब्ध हैं। सरकार ने अब 27,000 से अधिक प्वाइंट की कमी को पूरा करने के लिए इस साल के लिए त्रैमासिक लक्ष्य निर्धारित किए हैं। योजना के अनुसार जनवरी से मार्च तिमाही में 1,000, अप्रैल से जून में 1,500, जुलाई से सितंबर में 2,300 और अंतिम तिमाही में 2,200 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन अतिरिक्त स्टेशनों के माध्यम से शहर में चार्जिंग प्वाइंट की 27,000 से अधिक प्वाइंट की कमी को दूर किया जाएगा। इसके साथ ही इस साल 100 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन भी बढ़ेंगे। गौरतलब है कि दिल्ली सरकार यहां पर ईवी की बुनियादी ढांचे को बढ़ाने और प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए इस वर्ष 7,000 चार्जिंग स्टेशन बनेंगे।




