बारामती विमान हादसे की को-पायलट शांभवी पाठक का लोधी रोड हुआ अंतिम संस्कार
दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एनक्लेव इलाके में महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे का शिकार हुई युवा को-पायलट शांभवी पाठक के पार्थिव शरीर...

नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एनक्लेव इलाके में महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे का शिकार हुई युवा को-पायलट शांभवी पाठक के पार्थिव शरीर को गुरुवार को उनके आवास पर लाया गया। लोधी रोड श्मशान घाट पर करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर पाठक के घर पर पूरा दिन लोगों का आना जाना लगा। इनमें पूर्व सहपाठी, सहकर्मी, वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे।
शांभवी के पिता भी पायलट हैं, जबकि उनकी मां शिक्षक हैं। परिवार के एक सदस्यों ने पाठक के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। सभी ने कहा कि शांभवी जीवंत व्यक्तित्व वाली और बेहद समर्पित पायलट थीं। वहीं बारामती में क्रैश हुए विमान के कैप्टन सुमित कपूर का दिल्ली के पंजाबी बाग में अंतिम संस्कार किया गया। उनका शोक संतप्त परिवार पंजाबी बाग में मौजूद है। वह उस दुर्भाग्यपूर्ण चार्टर प्लेन के पायलट थे, जो बारामती में क्रैश हो गया। गौरतलब है कि गत बुधवार की सुबह महाराष्ट्र के बारामती के पास वीएसआर वेंचर्स के लियरजेट 45 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच लोगों की मौत हो गई। विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। विमान में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार भी सवार थे।




