डीएमआरसी खरीदेगा 68 नए कोच
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने फेज चार के तहत रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के लिए 68 नए कोच खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर...

नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने फेज चार के तहत रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के लिए 68 नए कोच खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। पूरी प्रक्रिया के बाद ये कोच करीब तीन वर्षों में दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में शामिल हो जाएंगे। नए कोच शामिल होने से रेड लाइन पर ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। फेज चार के अंतर्गत रिठाला से हरियाणा के कुंडली तक 26.463 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन का निर्माण प्रस्तावित है। इस कॉरिडोर पर 21 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें बवाना और नरेला भी शामिल हैं। परियोजना को सरकार से पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है और वर्ष 2029 तक इसका निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह कॉरिडोर मौजूदा रेड लाइन का विस्तार होगा।
वर्तमान में रेड लाइन पर रिठाला से गाजियाबाद के नए बस अड्डे तक मेट्रो सेवा संचालित है। नए कॉरिडोर के पूरा होने पर कुंडली से गाजियाबाद तक सीधी मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी, जिससे सोनीपत, दिल्ली और गाजियाबाद के बीच आवागमन आसान होगा। फिलहाल रेड लाइन पर आठ कोच वाली 34 ट्रेनें चल रही हैं। 68 नए ब्रॉड गेज कोच आने के बाद नौ नई ट्रेनें शुरू की जा सकेंगी, जिनमें सात आठ-कोच और दो छह-कोच ट्रेन शामिल होंगी।




