चित्रकूट में 12 दिवसीय चौरासी कोसी परिक्रमा का शुभारंभ
परमहंस संत श्री रणछोड़दास जी महाराज की पावन तपोस्थली एवं कर्मस्थली, जानकीकुण्ड स्थित श्री रघुबीर मंदिर ट्रस्ट (बड़ी गुफा) से 12 दिवसीय चित्रकूट चौरासी कोसी परिक्रमा का शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव...

सुखेन्द्र अग्रहरि
चित्रकूट, कंज्यूमर खबर। परमहंस संत श्री रणछोड़दास जी महाराज की पावन तपोस्थली एवं कर्मस्थली, जानकीकुण्ड स्थित श्री रघुबीर मंदिर ट्रस्ट (बड़ी गुफा) से 12 दिवसीय चित्रकूट चौरासी कोसी परिक्रमा का शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से सैकड़ों श्रद्धालु एवं पूज्य संत-महंत पावन चित्रकूट धाम में एकत्र होकर पूर्ण आस्था, अनुशासन एवं भक्ति भाव से इस पवित्र पदयात्रा में सम्मिलित हुए।
परिक्रमा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं संतों के आशीर्वचन के साथ हुआ। संत-महात्माओं की पावन उपस्थिति में संपूर्ण वातावरण भजन, रामनाम संकीर्तन और आध्यात्मिक उत्साह से भक्तिमय हो उठा।
यह परिक्रमा प्रतिवर्ष फाल्गुन शुक्ल द्वितीया से त्रयोदशी तक श्री रघुबीर मंदिर ट्रस्ट (बड़ी गुफा) के तत्वावधान में आयोजित की जाती है। लगभग 12 दिनों में 135 किलोमीटर की यह पदयात्रा बड़ी गुफा से प्रारंभ होकर स्फटिक शिला, टाठीघाट, सती अनुसुइया, गुप्त गोदावरी, मडफा महादेव, भरतकूप, व्यासकुण्ड, रैपुरवा धाम, सूरजकुण्ड, गणेशबाग, सिद्धपुर, कोटि-देवांगना, हनुमानधारा और रामघाट होते हुए पुनः श्री रघुबीर मंदिर में पहुँचकर फाल्गुन शुक्ल त्रयोदशी को विश्राम प्राप्त करेगी।
इस दिव्य यात्रा में मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं छत्तीसगढ़ से विशेष रूप से श्रद्धालुगण प्रतिवर्ष सहभागिता करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री रघुबीर मंदिर ट्रस्ट द्वारा परिक्रमा अवधि के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं। यात्रियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया गया है। परिक्रमा के प्रारंभ से पूर्व एवं यात्रा पूर्ण होने पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।
ट्रस्टी डॉ. बी. के. जैन तथा शिक्षा समिति की अध्यक्षा श्रीमती उषा जैन एवं ट्रस्टी एवं सदगुरू नेत्र चिकित्सालय के सी ई ओ डॉ इलेश जैन ने 84 कोसीय परिक्रमा लगाने वाले समस्त यात्रियों को इस पावन परिक्रमा हेतु अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं और सभी के सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की है।



