कार में मिलीं तीन लाश के मामले में पुलिस की हिरासत में 7 तांत्रिक समेत इतने लोग
आउटर दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र में कार के भीतर महिला समेत तीन लोगों के शव मिलने के मामले में जांच के साथ सनसनीखेज खुलासे सामने आ रहे...

नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। आउटर दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र में कार के भीतर महिला समेत तीन लोगों के शव मिलने के मामले में जांच के साथ सनसनीखेज खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले में शामिल सभी मृतक लंबे समय से तांत्रिकों के संपर्क में थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मरने वाले लोगों ने कथित तौर पर तांत्रिकों को दो लाख रुपये दिए थे, हालांकि तांत्रिक अब इस बात से साफ इनकार कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 7 तांत्रिकों समेत कुल 15 लोगों को हिरासत में ले लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये तांत्रिक आम लोगों को भ्रमित कर, लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाने का काम करते थे।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान रणधीर (76), शिव नरेश (47) और लक्ष्मी (40) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों बीते करीब पांच से छह महीनों से एक तांत्रिक के लगातार संपर्क में थे। तांत्रिक ने उन्हें दो लाख रुपये के बदले करोड़ों रुपये मिलने का सपना दिखाया था। इसी लालच में तीनों उसके घर आना-जाना करते रहे। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को भी तीनों संदिग्ध तांत्रिक के घर गए थे। इसके बाद वे एक कार में सवार होकर वहां से निकले। बताया जा रहा है कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास कुछ दूरी पर तांत्रिक कार से उतर गया और वहां से चला गया। इसके बाद कार में सवार तीनों लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ ही समय में उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीनों के शरीर में जहर पाए जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि जहर किस प्रकार का था, इसकी विस्तृत फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि या तो तीनों को किसी बहाने से जहर खिलाया गया या फिर पिलाया गया, जिससे कार के अंदर ही उनकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुख्य संदिग्ध तांत्रिक की उम्र करीब 70 साल है और वह लोनी के आसपास का रहने वाला है। वह खुद को तंत्र-मंत्र और जादू-टोने में माहिर बताता था। मृतका लक्ष्मी होम हेल्थकेयर का काम करती थी और वह भलस्वा इलाके के एक परिचित के माध्यम से तांत्रिक के संपर्क में आई थी। आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर तांत्रिक ने उसे मोटी रकम के बदले करोड़ों रुपये मिलने का सपना दिखाया। पुलिस अवैध तंत्र-मंत्र नेटवर्क, पैसों के लेन-देन, जहर की व्यवस्था और वारदात की पूरी साजिश को लेकर हर एंगल से जांच-पड़ताल कर रही है।




