दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश
दिल्ली एनसीआर में आज सुबह से रुक रुक कर बारिश हो रही है। कई इलाकों में तेज बारिश भी देखने को मिली। बारिश के कारण कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही जिसकी वहज से ऑफिस आने-जाने वालों को कापी परेशानी झेलनी पड़ी...

नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। दिल्ली एनसीआर में आज सुबह से रुक रुक कर बारिश हो रही है। कई इलाकों में तेज बारिश भी देखने को मिली। बारिश के कारण कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही जिसकी वहज से ऑफिस आने-जाने वालों को कापी परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार 27 जनवरी के लिए बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में दिनभर कई बार हल्की से मध्यम बारिश हुई। साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी बारिश के साथ चलती रही, जिससे ठंड और बढ़ेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं बुधवार से एक फरवरी तक मौसम के साफ रहने की संभावना जताई गई है, हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बावजूद ठंड का असर बना रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 17 से 19 और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शुक्रवार से रविवार तक अधिकतम तापमान 18 से 22 और न्यूनतम 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
गणतंत्र दिवस के दिन राष्ट्रीय राजधानी में हल्की धुंध छाई रही और हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही। लगातार स्मॉग और प्रदूषण ने लोगों को राहत नहीं दी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 209 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। हालांकि यह बीते दिनों के बेहद खराब हालात की तुलना में मामूली सुधार माना जा रहा है, लेकिन अब भी यह स्तर स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित नहीं है। राजधानी के 39 वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों में से 24 स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 13 स्टेशनों पर मध्यम स्तर रहा। एक स्टेशन का डेटा रिपोर्ट लिखे जाने तक उपलब्ध नहीं हो सका। सबसे अधिक प्रभावित इलाका आनंद विहार रहा, जहां एक्यूआई 300 के करीब दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ और ‘बहुत खराब’ श्रेणी की सीमा को छूता नजर आया। अन्य प्रमुख प्रदूषण हॉटस्पॉट में चांदनी चौक (286), जहांगीरपुरी (276), नेहरू नगर (291), पूसा (266) और विवेक विहार (253) शामिल रहे। विशेषज्ञों के अनुसार, महीन कणों (पीएम 2.5 और पीएम 10) की अधिक मात्रा के कारण सांस संबंधी रोगियों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।




