दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया, एक्यूआई 295

राजधानी दिल्ली में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और ठंडी हवाओं के बीच प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दिल्ली-एनसीआर में इस समय ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। मौसम में ठहराव और हवा की रफ्तार...

नई दिल्ली, कंज्यूकर खबर। राजधानी दिल्ली में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और ठंडी हवाओं के बीच प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दिल्ली-एनसीआर में इस समय ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। मौसम में ठहराव और हवा की रफ्तार कम होने की वजह से वायु गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है। रविवार सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 295 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर ऐप के मुताबिक, रविवार सुबह सबसे खराब हवा चांदनी चौक में दर्ज की गई, जहां एक्यूआई 330 रहा। इसके अलावा आनंद विहार में 339, जहांगीरपुरी में 342, नेहरू नगर में 358 और नजफगढ़ में 335 एक्यूआई दर्ज किया गया। राजधानी के 20 इलाकों में एक्यूआई बेहद खराब, जबकि 16 इलाकों में खराब श्रेणी में रहा, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं और गहरा गई हैं। दिल्लीवासियों को कड़ाके की ठंड के साथ-साथ प्रदूषित हवा से भी राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल कम है। हवा की दिशा में बदलाव और गति में आई कमी के कारण शनिवार को शहर की वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। रविवार सुबह स्थिति में मामूली सुधार देखने को मिला, जब हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में आ गई। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 295 दर्ज किया गया है, जो खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को 2.9 से 4.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री रहने का अनुमान लगाया है।

ठंड और कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही रविवार और सोमवार के लिए शीतलहर की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में तेजी से गिरावट और हवा की दिशा में बदलाव न होने के कारण अगले दो दिनों तक प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना कम है। सुबह और देर रात को दृश्यता भी काफी कम हो रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है।

एनसीआर में भी हालात चिंताजनक
दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी हवा जहरीली बनी हुई है। नोएडा में एक्यूआई 270, ग्रेटर नोएडा में 288 और गाजियाबाद में 292 दर्ज किया गया। गुरुग्राम में एक्यूआई 286 और फरीदाबाद में 225 रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के मौसम में प्रदूषक कण हवा में नीचे ही फंसे रहते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है।

स्वास्थ्य पर बढ़ता खतरा
डॉक्टरों के अनुसार, खराब और बेहद खराब एक्यूआई से आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ, खांसी और एलर्जी की समस्या बढ़ सकती है। बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने लोगों से सुबह की सैर से बचने, मास्क का इस्तेमाल करने और गैर-जरूरी बाहर निकलने से परहेज करने को कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button