फरवरी माह में वजीराबाद से सोनिया विहार के बीच यमुना में चलेगा क्रूजः कपिल मिश्रा
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को नवी मुंबई में निर्माणाधीन क्रूज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जानकारी दी कि यह क्रूज शीघ्र ही दिल्ली की यमुना में संचालित किया

नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को नवी मुंबई में निर्माणाधीन क्रूज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जानकारी दी कि यह क्रूज शीघ्र ही दिल्ली की यमुना नदी में संचालित किया जाएगा। क्रूज का निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में है और इसे 20 जनवरी को नवी मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। यह क्रूज 4 से 5 दिनों में दिल्ली पहुंच जाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद क्रूज में इंजन फिट किया जाएगा और फरवरी माह में मुख्यमंत्री द्वारा इसे दिल्ली की जनता को समर्पित किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि यह क्रूज यमुना नदी में वजीराबाद से सोनिया विहार की तरफ अपस्ट्रीम दिशा में संचालित होगा। इसमें करीब 40 पर्यटक बैठकर एक घंटे की राउंड ट्रिप ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस क्रूज के माध्यम से दिल्लीवासियों को किफायती दामों पर एक शानदार और लग्ज़री अनुभव मिलेगा। क्रूज में भोजन, मनोरंजन और संगीत की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शुरुआत में व्यक्तिगत एवं समूह पैकेज दोनों की व्यवस्था की जाएगी। जिस स्थान से क्रूज का संचालन होगा, वहां वॉटर स्पोर्ट्स हब और मनोरंजन गतिविधियों का एक विशेष ज़ोन भी विकसित किया जाएगा। यह परियोजना लंबे समय से दिल्लीवासियों की अपेक्षा रही है, जिसे अब साकार किया जा रहा है।




