माचिस को लेकर झगड़े में चली गई युवक की जान, इस तरीके से की निर्मम हत्या
साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के वसंत कुंज नॉर्थ थाना इलाके में बीड़ी जलाने के लिए माचिस की तीली मांगने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर...

नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के वसंत कुंज नॉर्थ थाना इलाके में बीड़ी जलाने के लिए माचिस की तीली मांगने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में 21 वर्षीय करण की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस को मंगलवार रात करीब 11.40 बजे जेजे बंधु कैंप, बी-5 और बी-6 में चाकू मारने की संबंध में एक पीसीआर कॉल मिली। खबर मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पता चला कि घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया जा चुका है। इसी बीच वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस को फोर्टिस अस्पताल, वसंत कुंज से चाकू लगने से घायल होने के बाद एक मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने के संबंध में जानकारी मिली। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है। उसकी गर्दन पर चाकू से हमला किया गया था। बाद में मृतक की पहचान जेजे बंधु कैंप, बी-5 और बी-6 वसंत कुंज निवासी करण के रूप में हुई। करण के परिवार में पिता के अलावा अन्य सदस्य हैं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि करण का कुछ लड़कों के साथ बीड़ी जलाने के लिए माचिस की तीली देने को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। कहासुनी झगड़े में बदल गई और आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद मामले की सूचना मिलने पर क्राइम व एफएसएल की टीमें माैके पर पहुंच गई। टीमों ने निरीक्षण के बाद साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल कर रही है।




