
नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। सर्दी ने पहले ही लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रखा था और अब बारिश ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद ठंड में इजाफा दर्ज किया गया है। हालांकि, दिल्ली में रविवार 25 जनवरी को बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन सुबह के समय तापमान में गिरावट के चलते कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम 18.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 26 से 28 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 27 जनवरी को कुछ इलाकों में भारी बारिश या बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है। इसका असर दिल्ली पर भी देखने को मिल सकता है और 26 जनवरी को राजधानी में बारिश के आसार बने हुए हैं।
रेड से ऑरेंज जोन में पहुंचा एक्यूआई
बारिश और तेज सतही हवाओं ने वायु प्रदूषण से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बड़ी राहत दी है। बारिश के कारण वातावरण में जमी प्रदूषण की परत काफी हद तक धुल गई, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार दर्ज किया गया है। कई इलाकों में एक्यूआई रेड जोन से निकलकर ऑरेंज और यलो जोन में पहुंच गया है। आंकड़ों के मुताबिक, अलीपुर में एक्यूआई 219, आनंद विहार में 300, अशोक विहार में 290, आया नगर में 221, बवाना में 274 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 262 दर्ज किया गया। वहीं, चांदनी चौक में 313, सीआरआरआई मथुरा रोड में 222, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 294 और डीटीयू में 265 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया है।
बता दें कि शुक्रवार को सुबह और शाम हुई बारिश से राजधानी में इस साल की पहली बारिश दर्ज की गई, जिससे लंबे समय से जारी शुष्क सर्दी का दौर खत्म हुआ। इसके साथ ही शनिवार को भी एक्यूआई में गिरावट देखने को मिली और मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने कुछ राहत की सांस ली।




