वीआईपी इलाके में दौड़ रही फर्जी नंबर प्लेट की गाड़ी पकड़ी
राजधानी के वीआईपी इलाके में नकली नंबर प्लेट लगाकर दौड़ रही एक ऑटो-रिक्शा को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ लिया। यह कार्रवाई रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान की गई, जिससे एक बार फिर पुलिस की सतर्कता सामने...

Consumer khabar: राजधानी के वीआईपी इलाके में नकली नंबर प्लेट लगाकर दौड़ रही एक ऑटो-रिक्शा को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ लिया। यह कार्रवाई रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान की गई, जिससे एक बार फिर पुलिस की सतर्कता सामने आई है। डीसीपी नई दिल्ली ट्रैफिक रेंज शोभित डी. सक्सेना के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस की टीम शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के पास बांग्ला लेन क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान क्रेन ड्यूटी पर मौजूद एएसआई वीरेंद्र सिंह को एक ऑटो नजर आया। शक होने पर उन्होंने वाहन को रुकवाकर उसकी जांच की। चालक ने पूछताछ के दौरान अपना नाम जसवीर बताया, जो त्रिलोकपुरी, खिचड़ीपुर इलाके का रहने वाला है।
जांच के दौरान चालक वाहन के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद अधिकारियों ने ऑटो का फिजिकल वेरिफिकेशन किया, जिसमें चेसिस नंबर और इंजन नंबर की जांच की गई।
रिकॉर्ड से मिलान करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वाहन पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। पुलिस द्वारा संबंधित रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच करने पर पता चला कि वह नंबर किसी अन्य व्यक्ति समीर के नाम पर दर्ज है और उसकी असली गाड़ी सुरक्षित उसके पास मौजूद है। इससे साफ हो गया कि पकड़ी गई ऑटो पर नंबर प्लेट बदलकर अवैध तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा, चेसिस नंबर के आधार पर भी वाहन का कोई वैध रजिस्ट्रेशन नहीं मिला, जिससे यह मामला और संदिग्ध हो गया। पुलिस का मानना है कि वाहन के साथ छेड़छाड़ कर उसे गैर-कानूनी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा सकता था। कार्रवाई के बाद ऑटो और चालक को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए कनॉट प्लेस थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




