चार मंजिला इमारत की पार्किंग में लगी आग, मासूम सेमत नौ लोग फंसे
शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के मानसरोवर पार्क इलाके में शनिवार देर रात एक चार मंजिला इमारत की पार्किंग में अचानक आग लगने से मासूम समेत नौ लोगों...

Consumer Khabar: शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के मानसरोवर पार्क इलाके में शनिवार देर रात एक चार मंजिला इमारत की पार्किंग में अचानक आग लगने से मासूम समेत नौ लोगों की जिंदगी आग और धुएं के बीच फंस गईं। इमारत में फंसे लोगों की सांस लेने में तकलीफ होने पर नींद खुली तो उन्होंने खुद को आग और धुएं के बीच घिरा हुआ पाया। सीढ़ियों का रास्ता धुएं और आग की वजह से बंद हो चुका था। उनके सामने बचकर निकलने दूसरा कोई रास्ता नहीं था।
पड़ोसियों ने हादसे की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी
शोर शराबे के बीच पड़ोसियों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी और खुद भी तुरंत लोगों को बचाने में जुट गए। उन्होंने पहली मंजिल पर फंसे कुछ लोगों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन के इमारत के सामने की तरफ से सीढ़ी लगाकर 12 साल की एक मासूम समेत कुल 9 लोगों को सुरक्षित निकाला।- सभी को सांस लेने में हुई तकलीफ -पुलिस के मुताबिक इमारत में फंसे सभी लोगों को धुएं की वजह से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
रेस्क्यू कराए गए लोगों को जीटीबी अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस ने पीसीआर और एंबुलेंस की मदद से लोगों को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां तीन लोगों को छोड़कर बाकी सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि बिल्डिंग की पार्किंग में कुछ कबाड़ हो चुका फर्नीचर व अन्य सामान रखा था। संभवता इसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। गनीमत रही कि समय पर मदद मिलने से विवेक विहार जैसा बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल मानसरोवर पार्क थाना पुलिस आग लगने के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। दमकल सूत्रों के मुताबिक दूसरी, तीसरी व चौथी मंजिल से वंशिका (20), तनिष्का सोनी (19), दुर्गेश देवी (49), योगेश वर्मा (50), राजरानी (65), अरुण गर्ग (48), अनाया (12), रेनु गर्ग (19) और प्रतीक गर्ग (19) को सुरक्षित निकाला गया।
देर रात करीब 12:05 बजे आग लगने की सूचना मिली
डिप्टी फायर चीफ एक मलिक ने बताया कि मानसरोवर पार्क इलाके में मदर डेयरी वाली गली में देर रात करीब 12ः05 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत मौके पर दमकल की चार गाड़ियों को भेजा गया। करीब 100 गज की इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग बनी हुई है और ऊपर चार मंजिलों पर अलग-अलग परिवार रह रहे थे।
पड़ाेसियों ने बेड शीट और चादरों की मदद से कुछ लोगों की बचाई जान
बिल्डिंग में आने-जाने के लिए सीढ़ी व उसके सामने लिफ्ट बनी हुई है। आग और धुएं की वजह से हीट ऊपर बढ़ी तो इमारत में मौजूद लोग मदद के लिए बालकनी में पहुंचे। उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों से मदद ली। कुछ पड़ोसियों ने गली में खड़ी कारों और बाइक को तुरंत मौके से हटाया, ताकि रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंच सके। इसके अलावा पहली मंजिल पर फंसे कुछ लोगों को बेड शीट व चादरों के सहारे बाहर निकाला। दमकल की टीम, पीसीआर और एंबुलेंस भी समय रहते मौके पर पहुंच गई। दमकल की टीम ने दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर फंसे नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और देर रात 1.40 बजे आग पर काबू पाया।




