आईपीयू : ‘डिज़ाइन फ्लक्स 2026’ में छात्रों ने पेश किए नवाचार और सामाजिक समाधान
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपीयू) के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ डिज़ाइन एंड इनोवेशन (यूएसडीआई) द्वारा वार्षिक डिज़ाइन डिग्री शो 'डिज़ाइन फ्लक्स 2026' का आयोजन

Consumer Khabar: गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ डिज़ाइन एंड इनोवेशन (USDI) द्वारा वार्षिक डिज़ाइन डिग्री शो “डिज़ाइन फ्लक्स 2026” का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) महेश वर्मा ने किया। इस अवसर पर लगभग 70 स्नातक विद्यार्थियों की नवाचार आधारित परियोजनाओं, शोध कार्यों और प्रोटोटाइप्स का प्रदर्शन किया गया।
इन्क्यूबेशन सेंटर का लाभ उठाएं छात्रः प्रो. महेश वर्मा
प्रदर्शनी में बाल स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, रोजगार सहायता, अपशिष्ट प्रबंधन, सुगम्यता और सतत विकास जैसे विषयों पर आधारित मोबाइल एप्लीकेशन और डिज़ाइन समाधान आकर्षण का केंद्र रहे। प्रो. महेश वर्मा ने कहा कि डिज़ाइन केवल एक विषय नहीं, बल्कि समाज की जटिल समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के लिए विश्वविद्यालय के इन्क्यूबेशन सेंटर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को भी सराहा गया। ध्रुव को स्विगी, आर्यन सिंह को जोमैटो में नियुक्ति मिली, जबकि अर्पिता तलवार को अमेरिका की कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी में अध्ययन के लिए 70 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्राप्त हुई। प्रदर्शनी में शिक्षकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




