निगम के निलंबित असिस्टेंट सेनेटरी इंस्पेक्टर की एमसीडी की इमारत से गिरकर संदिग्ध मौत
शाहदरा नार्थ जोन के निलंबित असिस्टेंट सेनेटरी इंस्पेक्टर की बुधवार दोपहर एमसीडी के ऑफिस की छत से गिरकर संदिग्ध हालात में मौत...

Consumer Khabar: शाहदरा नार्थ जोन के निलंबित असिस्टेंट सेनेटरी इंस्पेक्टर की बुधवार दोपहर एमसीडी के ऑफिस की छत से गिरकर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान 58 वर्षीय राजकुमार सोलंकी के तौर पर हुई है। पुलिस ने हादसे के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत खुदकुशी है या फिर छत से गिरने से जान गई ? पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि राजकुमार की मौत हादसा है। पुलिस उनके परिजनों व सहकर्मियों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस को अभी मृतक के पास से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
हालांकि पुलिस ने उनका फोन जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। इस बाबत वेलकम थाने में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। डीसीपी (नॉर्थ ईस्ट) आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि बुधवार दोपहर लगभग 3:07 बजे, वेलकम पुलिस को केशव चौक के पास स्थित एमसीडी भवन की छत से एक शख्स के गिरने की सूचना मिली थी।
सूचना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। एमसीडी में असिस्टेंट सेनेटरी इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत राजकुमार गंभीर रूप से घायल मिले। उन्हें तुरंत नजदीकी जेपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटनास्थल से क्राइम और फॉरेंसिक साइंस की टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतक राजकुमार के छोटे भाई महेन्द्र ने बताया कि राजकुमार अपने परिवार के साथ सबोली गांव में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी व एक बेटा है। राजकुमार एमसीडी के डेम्स विभाग में तैनात थे। वह सुंदर नगरी वार्ड में तैनात थे। करीब तीन महीने पहले ठीक तरह से सफाई न करवाने के आरोप में उन्हें निलंबित कर दिया गया था। उसके बाद से ही राजकुमार परेशान चल रहे थे।
परिजनों का आरोप है कि उनसे बहाली के बदले रुपयों की मांग की जा रही थी। मगर आर्थिक हालात ठीक नहीं होने के कारण वह इसमें असमर्थ थे। बीमार होने पर वह काफी दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे। नौकरी के लिए वह एमसीडी जोन ऑफिस के चक्कर लगा रहे थे। इस बीच सीबीआई ने चार लाख रुपए की रिश्वत लेने के एक मामले में एमसीडी के डिप्टी कमिश्नर कर्नल अभिषेक मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से राजकुमार एमसीडी ऑफिस के चक्कर काटने लगे। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को राजकुमार एमसीडी के ऑफिस गए थे। बाद में उन्हें सूचना मिली कि वह छत से गिर गए है।
उस वक्त वह घर पर ही थे। मौके पर गए तो लोगों ने बताया कि वह छत से कूद गए है। उनके भाई का आरोप है कि राजकुमार का शव करीब दो घंटे तक फर्श पर पड़ा रहा। लेकिन किसी ने भी अस्पताल में भर्ती नहीं करवाया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।



