दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा ने लॉन्च किया एआई आधारित इंटेलिजेंस डेटा मैनेजमेंट टूल

-आईडीएमटी एक उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्लेटफॉर्म :डीसीपी सृष्टि पांडे
नई दिल्ली, (पंजाब केसरी): दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा ने गुरुवार को अत्याधुनिक एआई प्लेटफॉर्म इंटेलिजेंस डेटा मैनेजमेंट टूल (आईडीएमटी) का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम दिल्ली पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया। इस मौके पर स्पेशल सेल की डीसीपी सृष्टि पांडे ने सत्र को संबोधित करते हुए टूल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
डीसीपी सृष्टि पांडे ने बताया कि आईडीएमटी एक उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्लेटफॉर्म है, जिसे स्पेशल सेल के कार्यप्रवाह को स्वचालित, आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। यह सिस्टम खुफिया जानकारी के संग्रह, विश्लेषण और प्रबंधन की प्रक्रिया को तेज करता है, जिससे जांच एजेंसियों की कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में बेहतर सुधार होगा। डीसीपी सृष्टि पांडे ने खुफिया तंत्र में तकनीक के बढ़ते उपयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आईडीएमटी दिल्ली पुलिस के लिए एक स्मार्टर, तेज और अधिक समन्वित खुफिया ढांचे की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने स्पेशल सेल द्वारा तकनीकी नवाचारों को अपनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए निकट भविष्य में इस क्षेत्र में और अधिक उन्नति की उम्मीद जताई।
आई़डीएमटी से सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
आईडीएमटी विभिन्न स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं जैसे कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा, सोशल मीडिया इनपुट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल जानकारियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर एकत्र करता है। इसके बाद एआई आधारित विश्लेषण के जरिए इन आंकड़ों को आपस में जोड़कर संदिग्ध गतिविधियों, अपराध के पैटर्न और संभावित सुरक्षा खतरों की पहचान की जाती है। इससे जांच अधिकारियों को मामलों की गहराई से समझ बनाने में मदद मिलती है। इस प्लेटफार्म की एक प्रमुख विशेषता रियल-टाइम अलर्ट और विश्लेषणात्मक रिपोर्ट है, जिसके माध्यम से अधिकारी समय रहते सटीक निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई कर सकते हैं।




