गर्मियों की छुट्टियों में लगेंगे 125 गुरमत शिविर
इस बार 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। शिविर 1 जून से शुरू होकर 20-21 जून को गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब परिसर स्थित भाई लखी शाह वंजारा हॉल में संपन्न होंगे...

Consumer Khabar: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSCMC) ने गर्मियों की छुट्टियों में विद्यार्थियों के लिए पांचवें गुरमत शिविर आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली है। कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलो ने बताया कि इस बार 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। शिविर 1 जून से शुरू होकर 20-21 जून को गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब परिसर स्थित भाई लखी शाह वंजारा हॉल में संपन्न होंगे।
25 हजार बच्चे ले सकते हैं भाग
कमेटी के अनुसार, 2022 में शुरू हुई इस मुहिम में पहले वर्ष 4 हजार बच्चों ने भाग लिया था, जो अब बढ़कर 25 हजार तक पहुंचने की उम्मीद है। इस बार दिल्ली समेत राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और अरुणाचल प्रदेश में करीब 125 शिविर लगाए जाएंगे। नेताओं ने बताया कि शिविरों का उद्देश्य बच्चों को गुरसिखी जीवन शैली, गुरमुखी भाषा, गुरबाणी और सिख इतिहास से जोड़ना है। इस बार पाठ्यक्रम में युद्धों का इतिहास भी शामिल किया गया है।
एक हजार स्वयंसेवकों ने कराया पंजीकरण
शिविरों में सेवा देने के लिए 1 हजार स्वयंसेवकों ने पंजीकरण कराया है। कमेटी ने स्पष्ट किया कि सहजधारी परिवारों के बच्चे भी इन शिविरों में भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफियां दी जाएंगी। कमेटी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को इन शिविरों में भेजकर धर्म और विरसे से जोड़ें।




