ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 2 लाख की साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का शाहदरा डिस्ट्रिक्ट साइबर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया...

Consumer Khabar: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का शाहदरा डिस्ट्रिक्ट साइबर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी अभिषेक (23) और सुमित (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनमें अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
एनसीआरबी पोर्टल पर की शिकायत…
डीसीपी आरपी मीणा के अनुसार, 15 मार्च को दिल्ली निवासी पुनीत ग्रोवर ने एनसीआरबी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर ऑनलाइन ट्रेडिंग का आकर्षक ऑफर मिला था। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए उससे 10,000 रुपये निवेश कराए गए और बदले में 18,000 रुपये लौटाए गए। इसके बाद आरोपियों ने बड़े मुनाफे का लालच देकर 2 लाख निवेश करवा लिए, लेकिन रकम लेने के बाद संपर्क तोड़ दिया।
विशेष टीम का गठन…
मामला दर्ज होने के बाद साइबर थाना शाहदरा की विशेष टीम का गठन किया गया। इंस्पेक्टर विनीत कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, विकास और संदीप की टीम ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि अभिषेक के नाम पर इस्तेमाल सिम कार्ड रजिस्टर्ड था, जबकि सुमित के बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। दोनों का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर मिलने वाले निवेश ऑफर्स पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर पोर्टल पर शिकायत करें।
यहां भी पढ़ें…
पीएम मोदी 22 फरवरी को करेंगे नमो भारत कॉरिडोर के शेष हिस्से का उद्घाटन
मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ सीमाओं से परे एकजुटता




