रोहिणी में खुले नाले में गिरकर युवक की मौत
रोहिणी डिस्ट्रिक्ट के बेगमपुर थाना इलाके में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। रोहिणी सेक्टर-32 स्थित महाशक्ति काली मंदिर के पास खुले नाले में गिरने से 30 वर्षीय बिरजू कुमार...

नई दिल्ली, कंज्यूमर खबर। रोहिणी डिस्ट्रिक्ट के बेगमपुर थाना इलाके में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। रोहिणी सेक्टर-32 स्थित महाशक्ति काली मंदिर के पास खुले नाले में गिरने से 30 वर्षीय बिरजू कुमार की मौत हो गई। सूचना मिलते ही बेगमपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने युवक को नाले से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार बिरजू कुमार मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से दिल्ली में रहकर मजदूरी का काम कर रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। वहीं दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद नाले में गिरे युवक को बाहर निकाला और उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल फैल गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, इससे पहले बेगमपुर थाना पुलिस को दोपहर 2:36 बजे एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना भी मिली थी। आशंका जताई गई थी कि व्यक्ति रोहिणी सेक्टर-32 स्थित खाली डीडीए जमीन पर बने खुले सीवर में गिर गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कॉलर आमिर हुसैन, निवासी दरभंगा (बिहार) ने बताया कि उसका दोस्त बिरजू कुमार राय (32), निवासी समस्तीपुर (बिहार) और बुधन दास उर्फ सूरज (33), निवासी मधुबनी (बिहार), दोनों मजदूरी का काम करते हैं। आमिर हुसैन ने बताया कि सोमवार रात दोनों ने शराब पी थी।
संतुलन बिगड़ने से खुले मैनहोल में गिरा युवक
सोमवार शाम करीब 7:30 बजे जब वे अपनी झुग्गी की ओर लौट रहे थे, तभी बिरजू का संतुलन बिगड़ गया और वह खुले मैनहोल में गिर गया। बुधन दास ने बताया कि वह नशे की हालत में था, जिस कारण रात में किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सका। दोपहर में होश में आने के बाद उसने आमिर हुसैन को इसकी सूचना दी। पुलिस ने डीडीए, फायर ब्रिगेड और अन्य संबंधित एजेंसियों को सूचित कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर ब्रिगेड की मदद से युवक को मैनहोल से बाहर निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अस्पताल भेजा गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान बिरजू कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी जानकारी
हादसे के बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने एक्स (सोशल मीडिया) पर पोस्ट किया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि दो आदमी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 32 में सड़क पर जा रहे थे, चलते चलते उनके से एक गड्ढे में गिरा। जहां गिरा वो गड्ढा एक गहरा नाला था। लाश भी नहीं मिली। रेखा गुप्ता की सरकार सिर्फ फोटो वाली और भाषणबाजी की नकारा सरकार है। इनको सरकार नहीं चलानी, सिर्फ सर्कस चलाना है। रोज नया सर्कस।




