दिल्ली एनसीआर

डीएमआरसी के बेड़े में शामिल हुईं हाइड्रोजन बसें, स्वच्छ परिवहन को मिलेगा बढ़ावा

देश में स्वच्छ और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड और दिल्ली मेट्रो कॉरपोरेशन...

Consumer Khabar: देश में स्वच्छ और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड और दिल्ली मेट्रो कॉरपोरेशन ने हाइड्रोजन ईंधन सेल बस सेवा शुरू की है। इंडियन ऑयल (रिफाइनरी) के निदेशक अरविंद कुमार ने शुक्रवार को जानकारी दी।

पर्यावरण अनुकूल और हरित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

अरविंद कुमार ने कहा कि डीएमआरसी को सौंपी गई दो नई हाइड्रोजन ईंधन सेल बसें केंद्रीय सचिवालय और कर्तव्य भवन के बीच चलाई जाएंगी। इन बसों के संचालन से राजधानी में पर्यावरण अनुकूल और हरित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन से चलने वाली ये बसें पूरी तरह प्रदूषण मुक्त हैं, क्योंकि इनके ईंधन सेल से केवल पानी निकलता है। बसों में इस्तेमाल होने वाला हरित हाइड्रोजन फरीदाबाद स्थित इंडियन ऑयल के अनुसंधान एवं विकास केंद्र में तैयार किया जा रहा है। अरविंद कुमार के मुताबिक, यह परियोजना फिलहाल परीक्षण चरण में है, लेकिन इंडियन ऑयल भविष्य में हरित हाइड्रोजन आधारित परिवहन व्यवस्था का बड़े स्तर पर विस्तार करने की दिशा में काम कर रहा है।

पानीपत रिफाइनरी में 10 हजार टन वार्षिक क्षमता वाला हरित हाइड्रोजन संयंत्र

उन्होंने बताया कि पानीपत रिफाइनरी में 10 हजार टन वार्षिक क्षमता वाला हरित हाइड्रोजन संयंत्र बनाया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद परिवहन क्षेत्र में हाइड्रोजन तकनीक का उपयोग और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वच्छ और ईंधन बचाने वाली तकनीकों को अपनाने की अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि कम कार्बन उत्सर्जन वाली आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। आईओसीएल के अनुसार, कंपनी वर्तमान में देशभर में विभिन्न परीक्षण परियोजनाओं के तहत 15 हाइड्रोजन बसों का संचालन कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल भविष्य में भारत के सार्वजनिक परिवहन को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button