दिल्ली में बदला मौसम, तेज हवाओं और बूंदाबांदी से मिली गर्मी से राहत
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के चलने से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। दिनभर चिलचिलाती धूप के बाद शाम होते-होते वातावरण में ठंडक घुलने...

Consumer Khabar: राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के चलने से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। दिनभर चिलचिलाती धूप के बाद शाम होते-होते वातावरण में ठंडक घुलने लगी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विभाग के केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के विभिन्न इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। वहीं पालम में 27.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा रहा। लोधी रोड में तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है, जबकि रिज क्षेत्र में 26.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा। आयानगर में सबसे अधिक 29.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार के लिए कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। साथ ही साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान
मौसम विभाग ने नरेला, बवाना, अलीपुर, कंझावला, रोहिणी, पीतमपुरा, पश्चिम विहार, राजौरी गार्डन, द्वारका और आईजीआई एयरपोर्ट समेत कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। एनसीआर के बहादुरगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में भी इसी तरह के मौसम की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिलेगी। बुधवार के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें हल्की बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार तक अधिकतम तापमान सामान्य या उससे नीचे पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हो रहा है। अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
बता दें कि सोमवार को राजधानी में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा था। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस और रिज में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, इसके बावजूद हीटवेव घोषित नहीं की गई। शाम के समय धूल भरी आंधी ने मौसम का मिजाज बदला। प्रगति मैदान में हवा की रफ्तार 61 किलोमीटर प्रति घंटा और पूसा में 54 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।




