एआईसीटीई ने दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए शुरू की समर्थन
देश में समावेशी एवं समान शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने ‘समर्थन : इंटर्नशिप कनेक्ट योजना 2026-27’ का शुभारंभ...

Consumer Khabar: देश में समावेशी एवं समान शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने ‘समर्थन : इंटर्नशिप कनेक्ट योजना 2026-27’ का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्घाटन एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. योगेश सिंह ने सदस्य सचिव प्रो. श्यामा रथ की उपस्थिति में किया। योजना का उद्देश्य भारत के भौगोलिक रूप से दूरस्थ एवं शैक्षणिक रूप से वंचित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अनुभव एवं व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराना है।
‘समर्थन’ योजना विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा पूर्वोत्तर राज्यों के विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई है।
इस पहल के अंतर्गत एआईसीटीई आईआईटी, आईआईएम, आईआईआईटी, आईआईएसईआर, एनआईटीटीटीआर, एनआईडी, एनआईएफटी और आईएचएम जैसे देश के प्रमुख संस्थानों में 30 दिवसीय ऑन कैंपस इंटर्नशिप कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस सत्र में 611 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि समर्थन योजना भारत सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है जिसके अंतर्गत देश के प्रत्येक विद्यार्थी को, उसकी भौगोलिक स्थिति की परवाह किए बिना, समान अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भारत की शक्ति उसकी विविधता में एकता में निहित है और देश के प्रत्येक क्षेत्र में अद्वितीय प्रतिभा, संस्कृति एवं संभावनाएं मौजूद हैं। इस पहल के माध्यम से एआईसीटीई दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को देश के श्रेष्ठ शैक्षणिक एवं नवाचार पारितंत्र से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह योजना विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय संस्थानों का अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी। मुझे विश्वास है कि ‘समर्थन’ योजना विद्यार्थियों की क्षमताओं, आत्मविश्वास एवं रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करेगी।




