Air Pollution: सीएक्यूएम ने एनसीआर में 17 दिनों में 173 निरीक्षण किए गए
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) और आस-पास के क्षेत्रों के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CQM) की प्रवर्तन कार्य बल (ETF) की 134वीं बैठक हुई।
कुल 173 निरीक्षणों में से 15 निर्माण एवं विध्वंस (C&D) स्थलों पर, 91 औद्योगिक क्षेत्र (Industrial area) में और 67 डीजी सेट से संबंधित थे। 62 उल्लंघनों की सूचना मिली, जिनमें 7 निर्माण एवं विध्वंस स्थलों पर, 31 औद्योगिक क्षेत्र में और 24 डीजी सेट से संबंधित थे।
नियमों के उल्लंघन की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर दिया आदेश
नियमों के उल्लंघन की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर, 4 यूनिट/प्रोजेक्ट को बंद करने, 27 डीजी सेटों को सील करने, अनुपालन के लिए 6 आदेश/निर्देश जारी करने और 17 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा (ईसी) लगाने का प्रस्ताव दिया गया है।
ईटीएफ बैठक में लिए गए फैसलों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा
ईटीएफ ने 133वीं ईटीएफ बैठक में लिए गए फैसलों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की और पाया कि संबंधित एजेंसियों ने औद्योगिक क्षेत्र, निर्माण एवं विध्वंस क्षेत्र और डीजी सेट से जुड़े सभी ज़रूरी मामलों पर कार्रवाई कर ली है। अनुपालन सुनिश्चित होने के बाद निर्माण एवं विध्वंस स्थलों के लिए कुल 7 कार्य बहाली आदेश जारी किए गए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश में 2 और हरियाणा में 5 आदेश शामिल हैं।
अब तक 27,750 इकाइयों/परियोजनाओं/संस्थाओं का किया निरीक्षण
06 जुलाई 2026 तक की कुल प्रवर्तन स्थिति की समीक्षा करने पर, ईटीएफ ने पाया कि आयोग के फ्लाइंग स्क्वॉड ने अब तक 27,750 इकाइयों/परियोजनाओं/संस्थाओं का निरीक्षण किया है। इन निरीक्षणों के आधार पर, 1,802 बंद करने के निर्देश जारी किए गए, जिनमें से अनुपालन सुनिश्चित होने के बाद 1,424 कार्य बहाली आदेश जारी किए गए। इसके अलावा, 123 मामलों को अंतिम निर्णय के लिए संबंधित राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड State Pollution Control Board (APCB)/दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति Delhi Pollution Control Committee (DPCC) को भेजा गया है, जबकि 255 संस्थाओं के मामले में कार्य बहाली आदेश जारी करने की अभी जांच चल रही है।
वायु प्रदूषण को कम करने के लिए सख्ती से पालन करने की आवश्यकता
आयोग ने एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए एक मज़बूत प्रवर्तन तंत्र, समय पर अनुपालन की जांच, कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच समन्वय और निर्धारित मानदंडों के सख्ती से पालन करने की आवश्यकता को दोहराया। साथ ही, औद्योगिक उत्सर्जन, डीजी सेट और निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) गतिविधियों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निरीक्षण दक्षता बढ़ाने, जवाबदेही तय करने और प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
ये भी पढ़ेंः Intergovernmental Expert Group: भारत उपभोक्ता संरक्षण पर अंकटाड के अंतरसरकारी विशेषज्ञ समूह के नौवें सत्र की करेगा अध्यक्षता
(फोटो साभार-सोशल मीडिया)



