Organ Donation Movement: भारत में 5 लाख से अधिक अंगदान करने की लोगों ने की प्रतिज्ञा
देश में अंगदान आंदोलन (Organ Donation Movement) के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भारत में 5 लाख से अधिक अंगदान प्रतिज्ञाएं (Organ Donation Pledges) दर्ज की गई हैं...
यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि अब अधिक से अधिक लोग अंगदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा के रूप में स्वीकार कर रहे हैं, जो प्रत्यारोपण (Transplant) की प्रतीक्षा कर रहे मरीजों को दूसरा जीवन प्रदान करता है। साथ ही, यह स्वैच्छिक अंग एवं ऊतक दान को बढ़ावा देने तथा जागरूक भागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व की संस्कृति विकसित करने के लिए भारत सरकार के निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता भी है।
NOTTO के निदेशक ने ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए जताया अभार
इस अवसर पर नेशनल आर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट आर्गनाइजेशन National Organ and Tissue Transplant Organization (NOTTO) के निदेशक डा. अनिल कुमार ने अंगदान अभियान Organ Donation Campaign को देशभर के नागरिकों के व्यापक समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों, स्वास्थ्यकर्मियों, शैक्षणिक संस्थानों, मीडिया संगठनों तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं की सराहना की, जिन्होंने जागरूकता फैलाने और जनसमर्थन जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. अनिल कुमार ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के लिए सभी राज्य सरकारों और केन्द्र शासित प्रदेशों के प्रशासनों के निरंतर सहयोग और प्रतिबद्धता की सराहना की।
देशभर में अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया पारदर्शीं हो
सरकार, जन-जागरूकता बढ़ाने, संस्थागत क्षमताओं को सुदृढ़ करने तथा अंग प्रत्यारोपण प्रणाली को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान देकर अंग एवं ऊतकों की मांग और उपलब्धता के बीच की खाई को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देशभर में अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया नैतिक, समानतापूर्ण, पारदर्शी और रोगी-केंद्रित (Patient-Centric) बनी रहे, ताकि प्रत्येक पात्र मरीज को निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके।
प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान से अंगदान आंदोलन को मिली नई गति
हाल के वर्षों में देश में अंगदान आंदोलन को Prime Minister Narendra Modi द्वारा मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से किए गए प्रेरणादायक आह्वानों से नई गति मिली है। प्रधानमंत्री ने अपने अनेक संबोधनों में अंगदान के जीवन-परिवर्तनकारी महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से इस महान और मानवीय कार्य में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया है। उनके इस संदेश ने देश में अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित किया और जीवन बचाने तथा जीवन की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से एक व्यापक राष्ट्रीय जन-आंदोलन को बल मिला है।

पंजीकरण पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं अंगदान की प्रतिज्ञा
इस उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए आधार-आधारित अंगदान प्रतिज्ञा पंजीकरण पोर्टल notto.abdm.gov.in ने पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक सरल, सुलभ, सुरक्षित और पारदर्शी बना दिया है। इस पोर्टल के माध्यम से देशभर के नागरिक आसानी से अंगदान की प्रतिज्ञा दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनभागीदारी को बढ़ावा मिला है और अंगदान व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
यह ऐतिहासिक उपलब्धि अंग एवं ऊतकों की बढ़ती आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा अंगदान को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा किए गए समन्वित एवं सहयोगात्मक प्रयासों की सफलता को भी दर्शाती है।



